बांसकोट विद्युत सब स्टेशन में विद्युत कटौती के नाम पर मनमानी –आधी आधी रात को लाइट काट कर लोगों को परेशान किया जा रहा है- ग्रामीणों में भारी आक्रोश
बांसकोट विद्युत सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले गांवों में विद्युत व्यवस्था चरमरा चुकी है। विद्युत की आपूर्ति ऊपर से ही कम होने का हवाला देकर विद्युत विभाग के लोग मनमानी कर रहे हैं। आरोप है कि विद्युत कटौती के पश्चात विद्युत विभाग के लोगों को मनमानी करने का मौका मिल जाता है जिसके चलते विभाग के लोग कभी आवासीय इलाके में रात भर लाइट चालू रखते हैं तो कभी आधी रात को लाइन काट देते हैं ऐसी स्थिति में विशेष कर बुजुर्गों बच्चों का जीना मुहाल हो गया है। एक ओर इन दिनों गर्मी एवं लू की चेतावनी दी जा रही है तथा गर्मी से बचने की सलाह दी जा रही है वहीं दूसरी ओर दिन के अलावा रात में भी आवासीय इलाके में लाइट काट दी जाती है जिससे बुजुर्गों एवं बीमार लोगों का जीना मुश्किल हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि कभी रात 12 बजे तो कभी रात 2 बजे लाइट काट दी जाती है जिससे लोग रात रात भर सो नहीं पाते। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों को उनके मौलिक अधिकार से दूर किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में महिलाएं 6 से 7 बजे खाना बनाती हैं और रात को 8:00 बजे तक खाना खा लेते हैं किंतु विद्युत विभाग की मनमानी यह है कि रात को 8:00 के बाद लाइट चालू किया जाता है इससे विद्युत विभाग की मनमानी एवं लोगों की परेशानी का अंदाजा लगाया जा सकता है।