कोण्डागांव जिले की फरसगांव पुलिस को अंतर्राज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दिल्ली, गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश से कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बीमा राशि रिफंड दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे।
मामला तब सामने आया जब कोपरा निवासी शंकरलाल राणा ने थाना फरसगांव में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्तियों ने स्वयं को बीमा लोकपाल परिषद का अधिकारी बताकर उनके बीएसई फंड में जमा राशि दिलाने का लालच दिया। आरोपियों ने अलग-अलग नामों और मोबाइल नंबरों का उपयोग करते हुए करीब ढाई महीने में प्रार्थी से 29 लाख 69 हजार रुपये विभिन्न खातों में जमा करा लिए।
जांच में सामने आया कि गिरोह दिल्ली के स्लम इलाकों से गरीब लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उन्हें “म्यूल अकाउंट” के रूप में उपयोग करता था। खाते, एटीएम और मोबाइल नंबर अपने कब्जे में रखकर ठगी की रकम तत्काल निकाल ली जाती थी। आरोपी फर्जी दस्तावेज, म्यूल सिम और कीपैड फोन का उपयोग कर पुलिस से बचने की कोशिश करते थे।
पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन में एसडीओपी अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीम ने करीब 10 दिन दिल्ली में रहकर तकनीकी विश्लेषण और सीडीआर लोकेशन के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी रजा हुसैन पहले भी साइबर अपराधों में जेल जा चुका है। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है।
